‘दोषी बचेंगे नहीं’… 15 मौतों के बाद एक्शन मोड में CM योगी, अफसरों को फटकारा, जांच के दिए सख्त आदेश
Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग ने 15 परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़कर सीधे लखनऊ लौटे और घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर भेजकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने साफ कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बचाव अभियान में सामने आए दिल दहला देने वाले दृश्य
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत एजेंसियों ने घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। कुछ शवों को बॉडी बैग में और कुछ घायलों को कंबलों में लपेटकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। कई लोगों को बगल की इमारत की छत के रास्ते बाहर निकालना पड़ा।
अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

हादसे की 5 बड़ी बातें
- लखनऊ के अलीगंज स्थित एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग
- अब तक 15 लोगों की मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती
- CM योगी अलीगढ़ दौरा छोड़कर सीधे घटनास्थल पहुंचे
- DGP और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
- मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान
Also Read: लखनऊ अग्निकांड का दर्द: बाहर निकले तो दोस्त गायब थे, रोते-बिलखते बच्चों ने सुनाई खौफनाक आपबीती

