Qatar की LNG फैक्ट्री में भीषण धमाका! भारतीयों समेत 13 की मौत, 66 घायल
Qatar LNG Explosion: कतर के सबसे बड़े गैस उत्पादन केंद्र रास लफ्फान LNG कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में भारतीय नागरिकों समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई लोगों के लापता होने की भी खबर है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई, जब हालिया क्षेत्रीय तनाव और ईरानी हमलों से प्रभावित गैस सुविधाओं में उत्पादन दोबारा शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। हादसे के बाद कतर सरकार, ऊर्जा क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चिंता बढ़ गई है।
काम शुरू होते ही हुआ धमाका, फिर लगी भीषण आग
Qatar सरकार के मुताबिक, यह हादसा बरजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुआ, जो रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। सरकारी कंपनी कतरएनर्जी के अनुसार, रविवार रात तकनीकी कार्य के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरी यूनिट में आग फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
भारतीय दूतावास ने जताई चिंता
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि कई लोग घायल हुए हैं और कुछ कर्मियों के लापता होने की भी सूचना मिली है। भारतीय अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क बनाकर स्थिति पर नजर रखनी शुरू कर दी है।
हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को लेकर बढ़े तनाव और ईरान से जुड़े सुरक्षा खतरों के कारण कतर को कुछ गैस उत्पादन गतिविधियां रोकनी पड़ी थीं। इससे वैश्विक LNG बाजार भी प्रभावित हुआ था।
युद्धविराम और क्षेत्रीय हालात में कुछ सुधार के बाद Qatar अपनी गैस सुविधाओं और निर्यात टर्मिनलों को फिर से चालू करने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है असर
कतर दुनिया के सबसे बड़े LNG (Liquefied Natural Gas) निर्यातकों में शामिल है। रास लफ्फान को वैश्विक गैस सप्लाई का अहम केंद्र माना जाता है। ऐसे में इस दुर्घटना ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन और निर्यात प्रभावित हुआ तो आने वाले दिनों में गैस की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
हादसे की 5 बड़ी बातें
- Qatar के रास लफ्फान LNG कॉम्प्लेक्स में भीषण धमाका
- भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत, 66 घायल
- बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में काम के दौरान हुआ हादसा
- कई लोगों के लापता होने की सूचना, आंकड़ा बढ़ने की आशंका
- वैश्विक LNG सप्लाई और ऊर्जा बाजार पर असर का खतरा
Also Read: फिर से खुला Hormuz, लेकिन आसान नहीं सफर, ईरान ने जारी की नई गाइडलाइन

