जमीन कब्जे की शिकायतों पर CM योगी सख्त, भूमाफियाओं पर FIR कर जेल भेजने के दिए निर्देश
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “चिंता मत करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।” उन्होंने लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों से एक-एक कर मुलाकात की और उनके प्रार्थना पत्र लिए। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सीएम योगी ने समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
भूमाफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश
जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री सख्त नजर आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमाफियाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर उन्होंने अस्पतालों के एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा। सीएम ने कहा कि एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तुरंत धन उपलब्ध कराया जाएगा।
बच्चों को दुलारा, गोशाला में की गोसेवा
जनता दर्शन में आई महिलाओं के साथ मौजूद बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और प्यार से आशीर्वाद दिया।
इसके बाद सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को नाम लेकर पुकारा तो वे उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री ने उन्हें दुलारा और गुड़ खिलाया। साथ ही गोशाला के कर्मचारियों को गायों की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।
Also Read: CJP के आंदोलन को राजा भैया की पत्नी भानवी ने किया सपोर्ट, अखिलेश यादव का वीडियो शेयर कर जताया आभार

