Siddharthnagar News: सीएम योगी रविवार को बांसी में विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी रविवार को सिद्धार्थनगर जिले के बांसी स्थित रतन सेन महाविद्यालय परिसर पहुँच रहे हैं। सीएम योगी के इस बहुप्रतीक्षित दौरे को लेकर बांसी वासियों में खासा उत्साह है, जहाँ वे जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके बड़ी सौगात सौंपेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक अमला युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।

कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण से लेकर हेलीपैड तैयार करने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का काम तेजी से जारी है। रविवार तक पूरे परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित और चकाचक करने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएम योगी रविवार को बांसी में विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात

अधिकारियों ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रभारी पुलिस कप्तान) प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ बांसी शुभेंदु सिंह और सीओ सदर नौगढ़ (आईपीएस) विश्वजीत शौर्यान सहित जिले के तमाम आलाधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच की मजबूती, हेलीपैड की सुरक्षा और जनता के बैठने के इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।

सीएम योगी रविवार को बांसी में विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

एक तरफ जहाँ प्रशासन कार्यक्रम को चकाचक करने में लगा है, वहीं दूसरी तरफ परिसर के आसपास चल रही साफ-सफाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि तैयारियों के नाम पर परिसर के आसपास की प्राकृतिक हरियाली और छोटे-छोटे पौधों को हटाया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मानसून के इस मौसम में (जुलाई-अगस्त) जहाँ सरकार ‘वन महोत्सव’ चलाकर पौधरोपण को बढ़ावा देती है, वहीं वीआईपी कार्यक्रम के लिए हरी-भरी वनस्पतियों को उखाड़ना समझ से परे है।

सीएम योगी रविवार को बांसी में विकास परियोजनाओं की देंगे बड़ी सौगात

पूर्व मंत्री जय प्रताप सिंह करेंगे स्वागत

प्रशासनिक तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री के स्वागत की राजनीतिक तैयारियाँ भी जोरों पर हैं। बांसी से विधायक और प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजा जय प्रताप सिंह क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधियों व समर्थकों के साथ सीएम योगी का भव्य स्वागत करेंगे। अब सभी की निगाहें रविवार पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री बांसी और पूरे सिद्धार्थनगर को विकास का क्या नया तोहफा देते हैं।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: गोंडा में BJP विधायक को 1000 गोली मारने की मिली धमकी, बेटे ने पुलिस को दिया पेनड्राइव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.