महाठग सुकेश चंद्रशेखर को राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली जमानत, लेकिन अभी जेल में ही कटेगी रातें
Sandesh Wahak Digital Desk: करोड़ों की ठगी और अपने शातिर दिमाग के लिए मशहूर सुकेश चंद्रशेखर को लेकर राजधानी की राउज एवेन्यू कोर्ट से एक बड़ी खबर आई है। अदालत ने सुकेश को मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) से जुड़े एक हाई-प्रोफाइल मामले में जमानत दे दी है। यह मामला अन्नाद्रमुक (AIADMK) के दो पत्ती चुनाव चिह्न को हासिल करने के लिए दी गई कथित रिश्वत और धोखाधड़ी से जुड़ा है।
सुकेश के लिए यह खबर राहत भरी तो है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह जेल से बाहर आ जाएगा। दरअसल, सुकेश पर कानून का शिकंजा इतना कस चुका है कि उसके खिलाफ कुल 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब तक उसे 26 मामलों में जमानत मिल चुकी है। लेकिन अभी भी 5 गंभीर मामले ऐसे हैं, जिनमें उसे कोर्ट से राहत मिलना बाकी है। इसलिए उसे अभी सलाखों के पीछे ही रहना होगा।
सुकेश चंद्रशेखर की कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। बेंगलुरु के प्रतिष्ठित बिशप कॉटन बॉयज स्कू से पढ़ाई करने वाले सुकेश ने बहुत कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था। महज 17 साल की उम्र में उसने अपने ही परिवार के एक करीबी दोस्त को 1.5 करोड़ रुपये का चूना लगाया और पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आया। उसकी शादी अभिनेत्री लीना मारिया पॉल से हुई। लीना न केवल उसकी पत्नी बनी, बल्कि ठगी के कई बड़े खेल में उसकी बराबर की हिस्सेदार भी रही।

