चढ़ावा विवाद पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का पलटवार, बोले- बाबरी चंदे का हिसाब दो
Brajesh Pathak: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट की जांच के लिए सरकार ने पहले ही एसआईटी का गठन कर दिया है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाबरी मस्जिद चंदे का उठाया मुद्दा
देवरिया में मीडिया से बातचीत करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव को यह भी बताना चाहिए कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाया गया चंदा कहां गया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी सनातन संस्कृति पर बयानबाजी करके तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
पाठक ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सपा के दांत खाने के और हैं और दिखाने के और, इसलिए जनता उन पर भरोसा नहीं करती।
सपा की राजनीति पर उठाए सवाल
प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को जिस वर्ग का बड़ा समर्थन मिलता है, यदि वह वर्ग अपना स्वतंत्र नेतृत्व चुन ले तो सपा एक पार्षद तक नहीं जिता पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी एक विशेष वर्ग के समर्थन पर राजनीति करती है, लेकिन उसे पर्याप्त नेतृत्व नहीं देती।
पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास सरकार की नीतियों पर लगातार मजबूत हो रहा है।

