राम मंदिर जांच में नया ट्विस्ट! SIT ने चढ़ावा और जमीन घोटाले के सबूत के लिए संजय सिंह को बुलाया
Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा और कथित जमीन घोटाले की जांच के बीच अब एक नया मोड़ आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को विशेष जांच दल (SIT) ने सबूत पेश करने के लिए तलब किया है। उन्हें 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
इसकी जानकारी खुद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर दी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी और जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़े कई दस्तावेज उनके पास हैं, जिन्हें वह SIT के अध्यक्ष को सौंपेंगे।
संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले भी जांच एजेंसी से मिलने का समय मांगा था। अब बुलावा मिलने के बाद वह सभी दस्तावेज और अपने दावों से जुड़े सबूत जांच टीम को उपलब्ध कराएंगे।
लगातार हमलावर हैं संजय सिंह
राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर संजय सिंह पिछले कई दिनों से लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई दस्तावेज सार्वजनिक किए थे और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
बुधवार को किए गए एक पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि करोड़ों रुपये की जमीनें कई गुना अधिक कीमत पर खरीदी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सौदों से जुड़े सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और वे इन्हें जांच एजेंसी को सौंपेंगे।
SIT पहले ही सौंप चुकी है प्रारंभिक रिपोर्ट
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। जांच टीम अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है, जबकि अंतिम रिपोर्ट अगले 10 से 15 दिनों में आने की संभावना है।
ऐसे में संजय सिंह द्वारा SIT को सौंपे जाने वाले दस्तावेज और सबूत जांच की दिशा पर बड़ा असर डाल सकते हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि SIT को क्या नए तथ्य मिलते हैं और आगे जांच किस दिशा में बढ़ती है।
Also Read: वाराणसी-लखनऊ रूट के यात्रियों के लिए खुशखबरी, 3 ट्रेनों को मिले नए स्टॉपेज

