Thalapathy Vijay सरकार का बड़ा ऐलान! जन्म लेने वाले सभी बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री थलपति विजय (Thalapathy Vijay) की सरकार ने नवजात बच्चों के लिए एक अनोखी और चर्चित योजना का ऐलान किया है। सरकार अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को 1 ग्राम सोने की अंगूठी उपहार में देगी। इस महत्वाकांक्षी योजना का नाम ‘थैमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ रखा गया है।
सरकार के अनुसार योजना का औपचारिक शुभारंभ 15 सितंबर को किया जाएगा, लेकिन इसका लाभ 22 जून से जन्म लेने वाले बच्चों को भी मिलेगा। 22 जून थलपति विजय का जन्मदिन है, जबकि 15 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन. अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर इसे आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।
मामा की परंपरा से जुड़ी है योजना
तमिल संस्कृति में नवजात शिशु के जन्म पर मामा की ओर से उपहार देने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए Thalapathy Vijay सरकार ने खुद को “मामा” की भूमिका में रखते हुए यह योजना शुरू करने का फैसला लिया है।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि नवजात बच्चे का स्वागत और परिवार की खुशियों में भागीदार बनने के लिए सरकार यह सोने की अंगूठी भेंट करेगी।
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS-6) के मुताबिक तमिलनाडु में हर साल करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है। इनमें से लगभग 4.2 लाख डिलीवरी सरकारी अस्पतालों में होती हैं।
योजना लागू होने के बाद सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले लाखों नवजातों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान सोने की कीमत के हिसाब से एक ग्राम सोने की अंगूठी की कीमत करीब 13,600 रुपये बताई जा रही है।
योजना पर हर साल 755 करोड़ रुपये खर्च
राज्य सरकार ने इस योजना के लिए हर साल करीब 755.83 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। योजना के संचालन, निगरानी और क्रियान्वयन के लिए एक विशेष स्टेट प्रोजेक्ट/प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट भी बनाई जाएगी।
सरकार का कहना है कि यह पहल मातृत्व को सम्मान देने और नवजात बच्चों के जन्म को यादगार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
चुनावी वादा भी हुआ पूरा
यह योजना मुख्यमंत्री Thalapathy Vijay के उस चुनावी वादे का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर हर नवजात को “मामा के तोहफे” के रूप में सोने की अंगूठी देने का ऐलान किया था। अब सरकार ने इस वादे को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है।
Also Read: अमृतसर के बजाय पाकिस्तान पहुंचा एयर इंडिया विमान, दिल्ली से भरी थी उड़ान

