Bareilly News: DM अविनाश सिंह ने बहेड़ी व नवाबगंज मिलों की नीलामी और तत्काल भुगतान के दिए निर्देश
Bareilly News: बरेली के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों पर बकाया वसूली प्रमाणपत्र की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित तहसीलदारों और उपजिलाधिकारियों को बकाये की वसूली के लिए नीलामी की प्रक्रिया तेज करने और त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
MOU के तहत भुगतान के आदेश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बहेड़ी चीनी मिल के मुड़िया फार्म की 25 सितंबर को होने वाली नीलामी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक बोलीदाता शामिल हो सकें। साथ ही, बहेड़ी मिल की बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच हस्ताक्षरित एमओयू के अनुसार, क्रय करने वाली फर्म से तत्काल भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मिल मरम्मत और रिपेयरिंग के प्रति मिल प्रबंधन की उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जताई और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कराने के आदेश दिए।

समीक्षा बैठक में एसडीएम नवाबगंज ने अवगत कराया कि नवाबगंज चीनी मिल के संपत्ति मूल्यांकन की आख्या (रिपोर्ट) प्राप्त हो चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि वृहद स्तर पर तैयारियां पूरी कर शीघ्र ही मिल की नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में उप गन्ना आयुक्त (बरेली परिक्षेत्र), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला गन्ना अधिकारी बरेली, एसडीएम बहेड़ी, एसडीएम नवाबगंज, तहसीलदार बहेड़ी व नवाबगंज, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, दोनों मिलों के सचिव तथा बहेड़ी चीनी मिल के अध्यासी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: शिव गंगा मंदिर परिसर में अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर किया पौधारोपण

