लखनऊ एयरपोर्ट पर ₹3 करोड़ की ‘ड्रग्स’ बरामद, बैंकॉक से ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ लेकर पहुंचा था यात्री

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमौसी एयरपोर्ट) पर तैनात एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) को तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से यूनिट ने लगभग 3 किलो ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (Hydroponic Weed) बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस उच्च गुणवत्ता वाली ड्रग्स की कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

स्कैनिंग के दौरान पकड़ा गया ‘नशीला सामान’

जानकारी के अनुसार, बैंकॉक से लखनऊ पहुंची फ्लाइट के यात्रियों की नियमित जांच की जा रही थी। एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों को एक यात्री की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब उसके सामान की सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से हाइड्रोपोनिक वीड के पैकेट बरामद हुए।

क्या होती है हाइड्रोपोनिक वीड?

यह साधारण गांजे या वीड से कई गुना अधिक शक्तिशाली और महंगी होती है। इसे मिट्टी के बजाय केवल पानी और पोषक तत्वों (Hydroponics) के साथ नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है। इसमें टीएचसी (THC) की मात्रा बहुत अधिक होती है, जिस कारण इसकी मांग हाई-प्रोफाइल पार्टियों और विदेशों में बहुत ज्यादा रहती है।

कड़ी पूछताछ और जांच जारी

पकड़े गए यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इंटेलिजेंस विंग यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेप को लखनऊ में किसे डिलीवर किया जाना था। क्या इसके पीछे कोई बड़ा अंतर्राष्ट्रीय सिंडिकेट काम कर रहा है?

एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि विदेशों से आने वाली फ्लाइट्स, विशेषकर बैंकॉक और खाड़ी देशों से आने वाले यात्रियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि ड्रग्स और सोने की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।

Also Read: Lucknow News: LDA की टीम पर हमले का प्रयास, चिनहट और खदरा में 3 निर्माण सील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.