सपा सांसद अजेंद्र लोधी पर एफआईआर दर्ज, पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में बढ़ी मुश्किलें

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। भाजपा नेताओं के भारी आक्रोश और तहरीर के बाद कोतवाली पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी टिप्पणी को अक्षम्य करार दिया है।

बीएनएस की कई धाराओं में केस

मंगलवार तड़के 2:05 बजे दर्ज एफआईआर (संख्या 0213) में सांसद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) के तहत मामला कायम किया गया है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 11 मई को बिजली संकट को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया था। आरोप है कि इस दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हुई और लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

भाजपा का सड़क पर प्रदर्शन, फूंका पुतला

सांसद के बयान के बाद सोमवार शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अजेंद्र लोधी का पुतला फूंका। भाजपा प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय पद के विरुद्ध ऐसी भाषा समाज में द्वेष फैलाने की कोशिश है। उधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कलक्ट्रेट परिसर के वीडियो फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सांसद ने हालांकि गिरफ्तारी या मुकदमे से डरने की बात से इनकार करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है।

Also Read: राहुल गांधी की नीतियों से प्रभावित युवाओं का कांग्रेस की ओर बढ़ता रुझान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.