प्रथम ए.टी.ए. ओपन स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता सम्पन्न, सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते कई पदक

Sandesh Wahak Digital Desk : जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित दो दिवसीय प्रथम ए.टी.ए. ओपन स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और ताइक्वांडो अकादमियों से करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर संजय मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिओम मिश्रा और मोहम्मद नदीम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर मेहनत और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।

प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल की खिलाड़ी अनुज्ञा द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। वहीं ओजस्वी और प्रांजल कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा अच्छुत जैन ने रजत पदक हासिल किया।

अन्य खिलाड़ियों में अब्दुल रहमान, अंशिका यादव और अधिराज सिंह ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से प्रदेश में ताइक्वांडो खेल को नई दिशा और प्रोत्साहन मिला है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और आयोजकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.