गाजीपुर से सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- सपा-कांग्रेस ने जिले के सामने खड़ा किया था पहचान का संकट

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर जनपद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले को 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उद्घाटन और शिलान्यास समारोह के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में सत्ता में रहे इन दलों ने गाजीपुर जैसी ऐतिहासिक और वीर भूमि की पहचान को धूमिल करने और संकट में डालने का काम किया।

वीर राम उग्र पांडे और गहमरी बाबू की धरती क्यों हुई गुमनाम

जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने गाजीपुर के गौरवशाली अतीत को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देने वाले मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित शहीद राम उग्र पांडे इसी पावन माटी के लाल थे। कुबेरनाथ राय जैसे शीर्ष ललित निबंधकार और 200 से अधिक उपन्यासों की रचना करने वाले गोपालराम गहमरी (गहमरी बाबू) जैसी हस्तियों की इस भूमि का नाम अतीत में क्यों बदनाम हुआ? सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की गलत नीतियों के कारण एक समय लोग गाजीपुर का नाम सुनने से डरते थे। यह पहचान का संकट उन्हीं लोगों की देन है जिन्होंने राष्ट्रनायकों का अनादर किया।

साला मसूद का मेला बंद कराया, महाराजा सुहेलदेव का स्मारक बनाया

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने भारत पर आक्रमण करने वाले विदेशी आक्रांताओं को सिर आंखों पर बिठाया और देश के रक्षकों का अपमान किया। 1000 वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांता सालार मसूद को परास्त करने वाले राष्ट्रीय नायक महाराजा सुहेलदेव को पिछली सरकारों ने भुला दिया था। हमारी सरकार ने आते ही सालार मसूद गाजी के मेले पर रोक लगाई और बहराइच के चित्तौड़ा में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक और प्रतिमा स्थापित की। उनके नाम पर बहराइच में मेडिकल कॉलेज और आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना की गई।

सपा ने महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों को बदला

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने महापुरुषों को लगातार अपमानित करने का काम किया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बदला गया। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने कॉलेज का नाम बदला गया। संत रविदास जी महाराज के नाम पर बने भदोही जिले का नाम बदला गया था, जिसे अब पुनः संत रविदास नगर करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले उत्तर प्रदेश या गाजीपुर का नाम बताने पर बाहर के राज्यों में लोग कमरे या होटल देने से मना कर देते थे। लेकिन आज ‘डबल इंजन सरकार’ के सुशासन में स्थिति बदल चुकी है। आज कोई व्यक्ति जब बताता है कि वह काशी, गाजीपुर या यूपी से आया है, तो लोग सम्मान के साथ आगे बढ़कर गले लगाते हैं।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में हुआ था 3000 करोड़ का वारा-न्यारा

पूर्ववर्ती सरकार के भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए सीएम ने कहा, सपा शासनकाल में बिना काम शुरू हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नाम पर 3000 करोड़ रुपये का घोटाला करने की तैयारी थी, जिसे हमारी सरकार ने रद्द करके नए सिरे से जमीन अधिग्रहित कर पारदर्शी तरीके से बनवाया। सरकारी नौकरियों में भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ होता था।

यूपी में अब नो कर्फ्यू, नो दंगा– सब चंगा

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि पहले त्योहारों पर दंगे, उपद्रव और कर्फ्यू आम बात थी। आज उत्तर प्रदेश में उत्सव का माहौल है। नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा। जो कोई भी बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाएगा या दंगा भड़काएगा, उसके लिए केवल दो ही ठिकाने हैं या तो जेल या फिर जहन्नुम।

Also Read: Prayagraj News: STF ने ITI में सॉल्वर गैंग का किया पर्दाफाश, प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी और 5 अनुदेशक समेत 11 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.