सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी? नए फॉर्मूले से सैलरी में 65% तक उछाल का दावा

8th Pay Commission:देशभर के करीब 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच फिटमेंट फैक्टर को लेकर एक नया गणित सामने आया है, जिसने कर्मचारियों के बीच वेतन बढ़ोतरी की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है।

हाल ही में 8वें वेतन आयोग की बैठकें लखनऊ में पूरी हुई हैं। अब जुलाई में भुवनेश्वर और कोलकाता में प्रस्तावित बैठकों पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही कर्मचारियों की नई वेतन संरचना की तस्वीर साफ होगी।

 

फिटमेंट फैक्टर वह आधार होता है, जिसके जरिए मौजूदा बेसिक वेतन और पेंशन को संशोधित किया जाता है। 7वें वेतन आयोग में यह 2.57 था, जिससे न्यूनतम बेसिक वेतन 7 हजार रुपये से बढ़कर 18 हजार रुपये हो गया था। अब 8वें वेतन आयोग में इसे लेकर अलग-अलग अनुमान लगाए जा रहे हैं।

ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल का दावा है कि यदि 31 दिसंबर 2025 तक मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और यात्रा भत्ता (TA) को आधार बनाया जाए, तो फिटमेंट फैक्टर करीब 2.06 निकलता है, जिसे राउंड ऑफ कर 2.10 माना जा सकता है।

उनके अनुसार, 18,000 रुपये बेसिक वेतन पाने वाले लेवल-1 कर्मचारी की मौजूदा कुल मासिक आय 58% डीए के साथ करीब 37,080 रुपये बैठती है। इसी गणना के आधार पर 2.06 का फिटमेंट फैक्टर सामने आता है।

अगर सरकार भविष्य में 2.10 फिटमेंट फैक्टर को मंजूरी देती है, तो 18,000 रुपये की बेसिक सैलरी बढ़कर 37,800 रुपये हो सकती है। इसके बाद नए डीए, एचआरए और ट्रांसपोर्ट अलाउंस को जोड़ने पर कुल मासिक वेतन लगभग 61,344 रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। यानी वर्तमान वेतन के मुकाबले करीब 65 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव हो सकती है।

परिवार यूनिट बढ़ाने की भी मांग

कर्मचारी संगठनों ने वेतन निर्धारण के लिए परिवार यूनिट की परिभाषा में बदलाव की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि 7वें वेतन आयोग में कर्मचारी, जीवनसाथी और बच्चों को शामिल कर 3 यूनिट का आधार बनाया गया था, जबकि 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) में माता-पिता को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह मांग स्वीकार होती है तो वेतन निर्धारण का आधार और मजबूत होगा तथा फिटमेंट फैक्टर 2.05 से 2.10 के बीच पहुंच सकता है।

हालांकि, फिलहाल ये सभी आंकड़े कर्मचारी संगठनों और विशेषज्ञों के अनुमान हैं। केंद्र सरकार और 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की ओर से अभी तक फिटमेंट फैक्टर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में कर्मचारियों को अंतिम फैसला आने तक इंतजार करना होगा।

Also Read: RBI का बड़ा फैसला, बैंकों में डाले 1.41 लाख करोड़, आम जनता को मिलेगा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.