सहारा रिफंड अपडेट: अब पूरी रकम के लिए कर सकेंगे आवेदन, जारी हुए 3 नए हेल्पलाइन नंबर
Sahara India Refund Portal: सहारा इंडिया में पैसा जमा करने वाले निवेशकों के लिए राहत की खबर है। अब पात्र जमाकर्ता 50 हजार या 10 लाख रुपये तक ही नहीं, बल्कि अपनी पूरी पात्र रकम के रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं। सहकारिता मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।
मंत्रालय ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 तक 9,585 करोड़ रुपये से अधिक की रकम रिफंड की जा चुकी है। मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि आवेदन जमा करने की प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है। जमाकर्ता अपनी पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी के लिए CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर जा सकते हैं।
सहारा रिफंड पोर्टल पर निवेशकों की मदद के लिए तीन नए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। ये नंबर हैं- 011-44716198, 011-44716498 और 011-44716887।
आवेदन में कमी या पेमेंट फेल होने पर क्या करें?
जिन जमाकर्ताओं ने पहले आवेदन किया था, लेकिन उन्हें पेमेंट फेल होने का संदेश मिला है, वे अपनी आवेदन संबंधी कमियों को दूर कर दोबारा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए री-सबमिशन पोर्टल पर जाना होगा।
री-सबमिशन पोर्टल का लिंक:
https://mocresubmit.crcs.gov.in/resubmission/#/home
पोर्टल पर बताई गई कमी को ठीक करने के बाद जरूरी जानकारी और दस्तावेजों के साथ आवेदन फिर से जमा करना होगा।
इन चार सहकारी समितियों के जमाकर्ता कर सकते हैं आवेदन
सहारा रिफंड प्रक्रिया के तहत चार सहकारी समितियों के पात्र जमाकर्ताओं को पैसा वापस पाने के लिए आवेदन करने की सुविधा दी गई है। इनमें शामिल हैं:
- सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, लखनऊ
- सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, भोपाल
- हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, कोलकाता
- स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, हैदराबाद
पात्र जमाकर्ता सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://mocrefund.crcs.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर लॉग-इन करके ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
आवेदन करने वाले का मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होना चाहिए। उसके पास बैंक खाता भी होना जरूरी है। जमा की गई रकम और अपने दावे के समर्थन में जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
आवेदन के 45 दिनों के भीतर मिलेगी जानकारी
रिफंड के लिए ऑनलाइन दावा जमा करने के बाद 30 दिनों के भीतर संबंधित सहकारी समितियां आवेदन का सत्यापन करेंगी। इसके बाद अगले 15 दिनों में आवेदन पर हुए फैसले की जानकारी दी जाएगी। यानी आवेदन जमा करने के कुल 45 दिनों के भीतर जमाकर्ता को SMS या पोर्टल के माध्यम से स्थिति बता दी जाएगी।
पोर्टल के निर्देश के मुताबिक, चारों समितियों से जुड़े सभी दावे एक ही आवेदन फॉर्म में जमा करने होंगे। केवल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए गए दावों पर ही विचार किया जाएगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
रिफंड के नाम पर किसी को पैसे न दें
जमाकर्ताओं को सलाह दी गई है कि आवेदन में कमी का संदेश मिलने पर री-सबमिशन पोर्टल पर बताई गई समस्या को ठीक करें। पेमेंट फेल होने की स्थिति में भी पोर्टल के निर्देशों का पालन करें।
आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों की जांच कर लें। रिफंड दिलाने का दावा करने वाले किसी एजेंट या अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। सहारा रिफंड के लिए आवेदन की प्रक्रिया मुफ्त है।

