गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर हादसा, डिवाइडर तोड़ अंडरपास में गिरी DCM, 2 की मौके पर मौत

Gorakhpur News: गोरखपुर के लिंक एक्सप्रेसवे (Link Expressway) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। फतेहपुर से गोरखपुर की ओर माल लेकर जा रही तेज रफ्तार DCM अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर जिगिना गांव के पास बने अंडरपास की छत तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरनहीं चौकी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

फतेहपुर से Gorakhpur आ रही थी DCM

पुलिस के मुताबिक, डीसीएम (UP-78 JN 4790) फतेहपुर से फॉर्च्यून कंपनी का सामान लेकर गोरखपुर जा रही थी। हरनहीं चौकी क्षेत्र में पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार DCM पहले डिवाइडर से टकराई और फिर अंडरपास की छत तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान चालक ओमप्रकाश उत्तम (45), निवासी कमरापुर, थाना बिंदकी, जिला फतेहपुर और खलासी सुनील उत्तम (46), निवासी बहुरा का पुरवा, थाना बकेवर, जिला फतेहपुर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

झपकी आने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण DCM अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। काफी देर की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला जा सका। इस दर्दनाक (Gorakhpur Road Accident) हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Also Read: 10 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या, गोरखपुर का आरोपी सिपाही बर्खास्त, NSA लगाने की तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.