कैलिफोर्निया में डोम फायर बुझा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलटों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य स्थित प्रसिद्ध योसेमाइट नेशनल पार्क में भीषण डोम फायर (जंगल की आग) को बुझाने के काम में लगा एक कॉन्ट्रैक्ट हेलीकॉप्टर भीषण हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने सोमवार को इस दुखद घटना की आधिकारिक जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यह हादसा मैरिपोसा काउंटी में स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 2:55 बजे उस समय हुआ जब हेलीकॉप्टर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) हादसे के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।
झील के पास पानी डालते समय हुआ दर्दनाक हादसा
डोम फायर से निपटने का जिम्मा संभाल रही कैलिफोर्निया कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम 3 के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल जंगल की आग पर पानी डालने के लिए किया जा रहा था। हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर पानी से भरी बाल्टी की मदद से धधकती आग पर पानी गिरा रहा था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर योसेमाइट नेशनल पार्क में स्थित लेक ऑस्ट्रैंडर के दक्षिण-पूर्व इलाके में अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर पड़ा।
मृतक पायलट ग्रेग किंग के रूप में हुई पहचान
अलास्का डिवीजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन ने हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में की है। एजेंसी ने शोक व्यक्त करते हुए ग्रेग किंग को अपने काम के प्रति बेहद समर्पित पायलट और संगठन के कई सहयोगियों का करीबी दोस्त बताया। वहीं, दुर्घटना का शिकार हुए दूसरे पायलट की पहचान फिलहाल सुरक्षा और गोपनीयता के कारणों से सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि दूसरे पायलट के परिजनों को घटना की सूचना दिए जाने के बाद ही उनका नाम आधिकारिक तौर पर जारी किया जाएगा।
नेशनल पार्क सर्विस द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार, जंगलों में फैली भयानक ‘डोम फायर’ पर अब तक केवल 15 प्रतिशत ही काबू पाया जा सका है। इस आग की सबसे पहली सूचना 15 सितंबर को वावोना क्षेत्र में चिलनुआलना फॉल्स के पास मिली थी, जिसके बाद से ही इसे बुझाने का काम जारी है। आग के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने कुछ ट्रैकिंग ट्रेल और दूरदराज के जंगली इलाकों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है। हालांकि, पर्यटकों के लिए योसेमाइट नेशनल पार्क का मुख्य हिस्सा अभी भी खुला हुआ है।
Also Read: जमुई कांड पर तगड़ी कार्रवाई, वीडियो वायरल करने वाले 120 सोशल मीडिया अकाउंट पर FIR, 3 गिरफ्तार

