एटा में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटी पर हथौड़े बरसाता रहा पिता, चीखते रहे मासूम बच्चे
Etah Double Murder: उत्तर प्रदेश के एटा के अवागढ़ में सोमवार रात मां और बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी प्रियंका (35) और सास कमला देवी (60) के सिर और चेहरे पर हथौड़े से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। वारदात के समय घर में तीन बच्चे भी मौजूद थे।
आरोप है कि बच्चों के सामने ही पिता ने मां और नानी पर हमला किया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कई दिनों से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद
फिरोजाबादके एका थाना क्षेत्र के ठाटी गांव निवासी रुकमपाल पुत्र सियाराम यादव अपने परिवार के साथ अवागढ़ में रहता था। उसका पत्नी प्रियंका के साथ कई दिनों से विवाद चल रहा था। प्रियंका की मां कमला देवी भी छछैना मलावन से आकर बेटी के साथ अवागढ़ में रह रही थीं।
बताया गया कि सोमवार रात पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान रुकमपाल ने हथौड़े से पत्नी और सास पर हमला कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर वार किए गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बच्चों के सामने हुई वारदात
घटना (Etah Double Murder) के दौरान तीनों बच्चे घर में थे। मां और नानी पर हमला होते देख बच्चे डरकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
डबल मर्डर (Double Murder) की सूचना पर एसएसपी डॉ. इलामारन, एएसपी श्वेताभ पांडेय समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी ली। बच्चों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, बच्चों के चेहरे पर घटना के बाद दहशत साफ दिखाई दे रही थी।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के अनुसार, बच्चों ने बताया कि उनके माता-पिता के बीच कई दिनों से विवाद और मारपीट चल रही थी। देर रात विवाद बढ़ने के बाद महिला के पति ने दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं।
Also Read: दिल्ली में 6 साल की बच्ची से रेप, हिरासत में 34 वर्षीय आरोपी, पुलिस चौकी पर लोगों का हंगामा

