NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय में एक्शन, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटाया गया
Sandesh Wahak Digital Desk: NEET परीक्षा को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी (Vineet Joshi) का तबादला कर उन्हें पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त कर दिया है। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है। हालांकि सरकार ने इस बदलाव को छात्र आंदोलन से जोड़कर कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (ACC) ने गुरुवार को कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों को मंजूरी दी।
नरेश पाल गंगवार को मिली नई जिम्मेदारी
राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार, जो फिलहाल पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव हैं, अब शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, मणिपुर कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। वह 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले विवेक भारद्वाज की जगह पदभार संभालेंगे।
सरकार ने टी.के. अनिल कुमार को शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का नया सचिव नियुक्त किया है। ऐसे में शिक्षा मंत्रालय के दोनों प्रमुख विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले
सरकार ने इस फेरबदल के तहत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
- पीयूष गोयल को खान मंत्रालय के सचिव पद से हटाकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का महासचिव बनाया गया।
- केशव चंद्र अब खान मंत्रालय के नए सचिव होंगे।
- सुशील कुमार लोहानी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (OSD) नियुक्त किया गया है। बाद में वे विभाग के सचिव का कार्यभार संभालेंगे।
- चंद्र भूषण कुमार को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
- बी. राजेंद्र को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) का नया निदेशक बनाया गया है।
- सतेंद्र सिंह को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के शहरी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब देशभर में NEET परीक्षा और पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। हालांकि केंद्र सरकार ने अपने आदेश में इन तबादलों को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है और आंदोलन से किसी तरह का संबंध नहीं जोड़ा है।
Also Read: देश में सिर्फ E20 Petrol ही मिलेगा, सरकार ने किया स्पष्ट- E0 और E10 की नहीं होगी वापसी

