बिहार में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से पिकअप सवार दो महिलाओं समेत 4 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के छपरा जिले में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा टीम के चार सदस्यों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बलिया के नरही थाना क्षेत्र के पलियाखास (बड़का खेत) गांव से गई अशोक मस्ताना आर्केस्ट्रा टीम कार्यक्रम संपन्न कर वापस उत्तर प्रदेश लौट रही थी। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे डा. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के पास टीम की पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी अभी संभल भी नहीं पाई थी कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पलटी हुई पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे में अवधेश ग्वाल (हरदोई), सोनी देवी (हरदोई), राहुल कुमार (बलिया) और प्रीति देवी (उन्नाव) की मौत हो गई। वहीं दिलीप कुमार राम (नरही, बलिया), शिवम यादव (हरदोई), श्यामवीर और संगीता देवी (एटा), मनोज कुमार (उन्नाव) और प्रीति देवी (हरदोई) घायल हो गए हैं।

घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। घटना के बाद मृतक कलाकारों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Also Read: डीएम ने 8 लाख के गबन में जिस प्रधान को बताया भ्रष्ट, जूनियर अफसर ने उसे दे दी क्लीन चिट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.