मलिहाबाद: आरा मशीन संचालक पर फायरिंग के आरोप में बुजुर्ग भूमि मालिक गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में आरा मशीन संचालक राजकुमार यादव उर्फ राजू पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भूमि मालिक राफे खान (68) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, किरायेदारी विवाद में राजू पर गोली चलाने के लिए राफे खान ने अपने बेटे बिलाल खान को उकसाया था। हालांकि, फायरिंग करने का आरोपित बिलाल अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस ने गिरफ्तार राफे खान को जेल भेज दिया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी दोनाली बंदूक, दो खोखा कारतूस, 14 जिंदा कारतूस और एक सेंट्रो कार बरामद की है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
किरायेदारी विवाद में हुई थी फायरिंग
मामला शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे का है। ग्राम काजीखेड़ा निवासी राजकुमार यादव उर्फ राजू और बाबू बनारसीदास नगर निवासी भूमि मालिक राफे खान व उसके बेटे बिलाल खान के बीच किरायेदारी को लेकर कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान राफे खान के उकसाने पर बिलाल ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से राजू पर फायर कर दिया। गोली राजू के कंधे को छूकर निकल गई थी। घटना के बाद राजू के भाई बिंद कुमार ने मलिहाबाद थाने में राफे खान और बिलाल खान को नामजद करते हुए चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
बंदूक और कारतूस बरामद, बेटे की तलाश जारी
मलिहाबाद पुलिस ने मामले की जांच के दौरान राफे खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बंदूक के साथ मौके से मिले दो खोखा कारतूस, 14 जिंदा कारतूस और सेंट्रो कार बरामद की है।
अब पुलिस की कार्रवाई का अगला कदम फायरिंग के मुख्य आरोपी बिलाल खान की गिरफ्तारी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट: सुरेंद्र कुमार
Also Read: पीलीभीत-आजमगढ़ के बाद बस्ती में वोटर लिस्ट का खेल? 152 लोगों के नाम रिपीट, नाम हटाने की तैयारी

