Siddharthnagar News: जेल से छूटते ही फिर चढ़ा ‘इश्क का भूत’, प्रेमिका की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा प्रेमी अपनी मांग मनवाने के लिए मोबाइल टावर के शिखर पर जा चढ़ा। युवक की जिद थी कि उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया जाए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खेसरहा पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

लक्ष्मीगंज तिराहे पर घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

घटना लक्ष्मीगंज तिराहे के पास स्थित मोबाइल टावर की है। करमडीह जमुवार निवासी आकाश (24 वर्ष) पुत्र रामवृक्ष अचानक टावर पर चढ़ गया और शोर मचाने लगा। उसे ऊपर देख लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। थानाध्यक्ष खेसरहा अनूप कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की सूझबूझ से युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

2 दिन पहले ही जेल से आया था बाहर

पुलिस की जांच में इस ‘मजनू’ का पुराना रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला निकला। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने ‘संदेश वाहक’ को बताया कि आकाश आदतन अपराधी है और इसी तरह की हरकतों के कारण पहले भी सलाखों के पीछे जा चुका है। आकाश के विरुद्ध 9 नवंबर 2025 को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और बीएनएस की गंभीर धाराओं (137(2)/87/65(1)) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वह महज 2 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और आते ही उसने फिर से वही ड्रामा शुरू कर दिया।

स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पुलिस की निगरानी में

टावर से उतारे जाने के बाद पुलिस टीम ने उसे सामान्य चेकअप के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खेसरहा भेजा, जहाँ उसकी स्थिति सामान्य पाई गई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है, लेकिन युवक की इस हरकत ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस की गाड़ी पलटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.