यूपी में अब एक ही इंटीग्रेटेड पोर्टल पर जमा होगा टैक्स, 45 दिनों में शुरू होगी सुविधा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के निवासियों और व्यापारियों को नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही जगह देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब लखनऊ सहित पूरे प्रदेश के नगर निकायों का संपत्ति कर एक ही एकीकृत (इंटीग्रेटेड) वेबसाइट के जरिए जमा किया जा सकेगा। नगर विकास विभाग ने इसके लिए सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगले 45 दिनों के भीतर इस जन-सुविधा को आम जनता के लिए पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।
ई-नगर सेवा पोर्टल पर ही होगा जमीनों का दाखिल-खारिज
नगर निगम लखनऊ के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह के मुताबिक, आम नागरिकों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस नए एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लोग न केवल अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे, बल्कि जमीन और संपत्तियों का नामांतरण (दाखिल-खारिज/म्यूटेशन) भी ऑनलाइन माध्यम से करा सकेंगे।
संपत्तियों का डेटा अपलोडिंग काम अंतिम चरण में
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सभी निकायों की संपत्तियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। अब तक अकेले लखनऊ नगर निगम क्षेत्र की 7,68,789 संपत्तियों की जानकारी ‘ई-नगर सेवा यूपी’ पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है। शेष बची लगभग 41 हजार संपत्तियों का डेटा भी अगले दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 45 दिनों के भीतर टैक्स भुगतान और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी तरह लाइव हो जाएगी।
वन विंडो क्लियरेंस के तहत मिलेंगी ये सभी सेवाएं
व्यापारियों और आम जनता को सहूलियत देने के लिए इस पोर्टल को ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में इसके जरिए ट्रेड लाइसेंस दिए जा रहे हैं, लेकिन जल्द ही निम्नलिखित सेवाएं भी इसी एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
संपत्ति कर एवं दाखिल-खारिज (Property Tax & Mutation)
जल एवं सीवर कनेक्शन (Water & Sewage Connection)
फूड एनओसी एवं फायर एनओसी (Food & Fire NOC)
ट्यूबवेल लगाने की अनुमति (Tubewell Permission NOC)
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदन (Birth & Death Certificate)
ऐसे कर सकेंगे पोर्टल का इस्तेमाल
नागरिक सीधे अधिकृत वेबसाइट e-nagarsewaup.gov.in पर जाकर इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा लखनऊ नगर निगम की मुख्य वेबसाइट lmc.up.nic.in पर भी इसका डायरेक्ट लिंक उपलब्ध रहेगा, जिस पर क्लिक करते ही आवेदक ई-नगर सेवा के मुख्य पृष्ठ पर पहुँच जाएंगे।
Also Read: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही बेड पर मिले पति-पत्नी समेत 3 शव

