IND vs AFG ODI Series: भारत-अफगानिस्तान पहले वनडे पर मंडराया संकट, धर्मशाला से फैंस के लिए आई बुरी खबर

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज के बाद अब वनडे मुकाबलों की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन सीरीज का पहला मैच मौसम की मार झेल सकता है।

दोनों टीमों के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाना है। मुकाबले से पहले ही मौसम ने आयोजकों और फैंस की परेशानी बढ़ा दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 जून को धर्मशाला और आसपास के इलाकों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दिन गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी इलाके में स्थित धर्मशाला स्टेडियम में मौसम के अचानक बदलने की आशंका हमेशा बनी रहती है, ऐसे में मैच के दौरान बारिश का खलल पड़ सकता है।

मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे होनी है, लेकिन एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार दिन में करीब 90 फीसदी बारिश की संभावना है।

इससे टॉस में देरी, ओवरों में कटौती या मैच के रद्द होने तक की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

IND vs AFG ODI Series

क्यों अहम है भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज?

यह भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है। इससे पहले दोनों टीमें केवल आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही वनडे फॉर्मेट में आमने-सामने हुई हैं।

अफगानिस्तान के लिए यह सीरीज विश्व की शीर्ष टीम के खिलाफ खुद को परखने का बड़ा मौका मानी जा रही है।

वहीं, भारतीय टीम के लिए यह सीरीज 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की दिशा में अहम कदम होगी। सीरीज के बाकी दो मुकाबले 17 और 20 जून को खेले जाने हैं।

हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक कुल 4 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 3 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा है।

अफगानिस्तान अभी तक वनडे फॉर्मेट में भारत को हराने में सफल नहीं हो पाया है।

अब सबकी निगाहें धर्मशाला के मौसम पर टिकी हैं—क्या बारिश खेल बिगाड़ेगी या फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिलेगा, इसका फैसला आसमान करेगा।

Also Read: IND vs AFG: टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में Virat Kohli की जगह कौन? नंबर-3 के लिए मचा घमासान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.