1 करोड़ की स्मैक और ‘टाका’ पाउडर के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, यूपी-राजस्थान में फैला था जाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की झांसी यूनिट ने ड्रग तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एएनटीएफ ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में छापेमारी कर एक सक्रिय और वांछित तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में स्मैक और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला ‘टाका’ केमिकल पाउडर बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

पुलिस महानिदेशक उ.प्र. के मार्गदर्शन में एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन पर झांसी टीम ने वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में टीम ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अंतर्गत थाना माचलपुर के ग्राम पीपल्याकुल्मी में दबिश दी। यहां से पुलिस ने शकील मंसूरी (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया। शकील पहले से ही राजगढ़ के थाना जीरापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित चल रहा था।

बरामदगी का विवरण

अवैध स्मैक: 298 ग्राम

केमिकल पाउडर (टाका): 5.496 किलोग्राम (इसका उपयोग स्मैक की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जाता है)

कुल अनुमानित कीमत: करीब 01 करोड़ रुपये

अन्य: एक वीवो मोबाइल फोन और नकद राशि।

पूछताछ में खुला ‘ड्रग सिंडिकेट’ का राज

आरोपी शकील मंसूरी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से फुटकर में स्मैक और केमिकल पाउडर एकत्रित करता था। इसके बाद वह घर पर ही स्मैक पाउडर तैयार कर उसे उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जनपदों में अपने नेटवर्क के जरिए बेचता था।

एएनटीएफ अब इस नेटवर्क के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ पर काम कर रही है ताकि यूपी और राजस्थान में फैले इसके अन्य सहयोगियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Also Read: इटावा पहुंचे अखिलेश यादव ने उठाया जातीय जनगणना का मुद्दा, बोले- भाजपा PDA विरोधी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.