सिद्धार्थनगर: 5 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) ने आज एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सिद्धार्थनगर जिले की इटवा तहसील में तैनात एक राजस्व लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

सिद्धार्थनगर के इटवा थाना अंतर्गत ग्राम फरेन्दा निवासी वसीउल्लाह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें एक जन्म प्रमाण पत्र बनवाना था। इस कार्य के एवज में एसडीएम कार्यालय इटवा में तैनात राजस्व लेखपाल सह आशुलिपिक (Stenographer) अरविन्द कुमार प्रभाकर द्वारा अवैध धनराशि की मांग की जा रही थी।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बस्ती इकाई ने जाल बिछाया। निरीक्षक राम अशीष यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार (23.04.2026) को तहसील परिसर में दबिश दी। जैसे ही लेखपाल अरविन्द कुमार प्रभाकर ने शिकायतकर्ता से 05 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

आरोपी का विवरण

नाम: अरविन्द कुमार प्रभाकर (पुत्र राम केवल प्रसाद)

पद: राजस्व लेखपाल/आशुलिपिक (SDM कार्यालय, इटवा)

निवासी: ग्राम भगवानपुर चौबे, देवरिया (हाल पता: राप्तीनगर, गोरखपुर)

विधिक कार्रवाई जारी

गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर थाने पहुंची, जहां उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस महानिदेशक (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) राजीव कृष्ण के निर्देशों पर भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है।

Also Read: 1 करोड़ की स्मैक और ‘टाका’ पाउडर के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, यूपी-राजस्थान में फैला था जाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.