IPL 2026: MS Dhoni की गैरमौजूदगी में CSK ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में 5 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।
एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में खेल रही सीएसके को इस सीजन में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी, जबकि पंजाब किंग्स की यह लगातार दूसरी जीत रही।
इस मुकाबले में जीत के साथ पंजाब किंग्स ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। यह नौवां मौका रहा जब पंजाब ने आईपीएल में 200 से अधिक रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया, जिससे वह इस मामले में लीग की नंबर-1 टीम बन गई।
इसके अलावा, चेन्नई के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर पंजाब की यह लगातार चौथी जीत रही।

CSK के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 200 से अधिक रन बनाने के बावजूद हार झेलने का रिकॉर्ड अब सीएसके के नाम है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ सीएसके को पांचवीं बार 200+ स्कोर के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम था, जिसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार बार ऐसा झेलना पड़ा था।
सीजन की खराब शुरुआत
आईपीएल इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार हुआ है जब चेन्नई सुपर किंग्स को किसी सीजन के शुरुआती दो मैचों में हार मिली हो।
इससे पहले 2022 में सीएसके ने अपने शुरुआती चार मुकाबले गंवाए थे। इसके अलावा चेपॉक में सीएसके की हालत और खराब रही है—टीम अपने पिछले छह घरेलू मैच हार चुकी है, और ये सभी हार कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में आई हैं।
हार के बाद क्या बोले रुतुराज गायकवाड़
मैच के बाद सीएसके कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने हार की वजह स्पिन गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन को बताया।
उन्होंने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगा यह एक बहुत अच्छा स्कोर था। विकेट तेज गेंदबाजों के लिए बेहतर था, लेकिन स्पिनरों के लिए गेंद थोड़ी ज्यादा ग्रिप कर रही थी। बड़ी बाउंड्री को देखते हुए मुझे लगा कि यह स्कोर डिफेंड किया जा सकता था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।”
इस हार के बाद सीएसके के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत चिंता बढ़ाने वाली हो गई है, जबकि पंजाब किंग्स मजबूत लय के साथ आगे बढ़ती नजर आ रही है।

