ट्रंप का बजट धमाका, सरकारी विभागों में भारी कटौती की तैयारी, शिक्षा और विदेशी मदद के फंड पर चलेगी कैंची
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपना प्रस्तावित बजट पेश कर दिया है, जो अमेरिकी संघीय सरकार (Federal Government) के ढांचे में एक बड़े भूकंप जैसा है। इस बजट का सीधा संदेश है खर्च कम और सख्ती ज्यादा। ट्रंप सरकार ने घरेलू कार्यक्रमों में भारी कटौती का प्रस्ताव रखा है, जबकि अपनी प्राथमिकताओं जैसे सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खजाना खुला रखा है।
प्रस्तावित बजट में गैर-रक्षा (Non-defense) क्षेत्रों के फंड में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी की कटौती की गई है। सरकार का तर्क है कि वह फिजूल और अप्रभावी कार्यक्रमों को बंद करके जनता के टैक्स का पैसा बचाना चाहती है।
किन विभागों पर गिरेगी गाज
बजट प्रस्ताव में कई महत्वपूर्ण विभागों के फंड में भारी कमी की गई है।
कृषि विभाग: बजट में 19% की कमी (अब 20.8 अरब डॉलर)।
शिक्षा विभाग: 76.5 अरब डॉलर का फंड, लेकिन इसे धीरे-धीरे खत्म करने की राह पर डाल दिया गया है।
विदेशी सहायता और राज्य विभाग: सबसे बड़ी मार यहीं पड़ी है। इसमें 30% की भारी कटौती कर इसे 35.6 अरब डॉलर कर दिया गया है।
हाउसिंग और शहरी विकास: 13% की कटौती के साथ 73.5 अरब डॉलर का प्रस्ताव।
स्वास्थ्य सेवा (HHS): इसमें 12.5% की कमी की गई है, साथ ही विभाग के पुनर्गठन की योजना है।
भले ही कई विभागों के बजट काटे गए हों, लेकिन ट्रंप ने अपने कोर एजेंडे से समझौता नहीं किया है। गृह सुरक्षा विभाग (DHS) का कुल बजट भले ही कम हुआ हो, लेकिन इमिग्रेशन कंट्रोल और बॉर्डर एनफोर्समेंट के लिए निवेश को बरकरार रखा गया है। न्याय विभाग (DOJ) को अपराध नियंत्रण और लॉ एनफोर्समेंट के लिए ज्यादा पैसा मिलेगा, जबकि गैर-जरूरी ग्रांट बंद कर दिए जाएंगे।
राज्यों के पाले में गेंद
ट्रंप प्रशासन का इरादा वाशिंगटन की ब्यूरोक्रेसी (अफ़सरशाही) को कम करना है। नए प्रस्ताव के तहत शिक्षा, हाउसिंग और वर्कफोर्स डेवलपमेंट जैसी कई जिम्मेदारियां अब केंद्र के बजाय राज्यों और स्थानीय सरकारों के कंधों पर डालने की कोशिश की गई है। बजट प्रबंधन कार्यालय (OMB) के निदेशक रसेल टी. वॉट ने इसे अमेरिका के वित्तीय इतिहास का एक बड़ा मोड़ बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि अमेरिकी जनता को सीधे नतीजे देने की एक कोशिश है।
Also Read: IPL 2026: MS Dhoni की गैरमौजूदगी में CSK ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

