जेवर लिंक एक्सप्रेसवे को योगी कैबिनेट की मंजूरी, 8585 करोड़ की लागत से बनेगा 6 लेन एक्सप्रेसवे
Jewar Link Expressway: उत्तर प्रदेश सरकार ने जेवर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 74.46 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति मिली। इस परियोजना पर 8,585.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। भविष्य में जरूरत के अनुसार इसे आठ लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा।
यह एक्सप्रेसवे नोएडा के भाईपुर ब्राह्मण से शुरू होकर बुलंदशहर के बहांपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे जेवर एयरपोर्ट, यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
उद्योग और लॉजिस्टिक्स को मिलेगा बड़ा फायदा
सरकार के अनुसार इस परियोजना से गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक क्लस्टर और ई-कॉमर्स आधारित उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण की जिम्मेदारी यूपीडा (UPEIDA) को सौंपी गई है। परियोजना को दो पैकेज में बनाया जाएगा। इसमें सात अंडरपास, 11 छोटे पुल, तीन बड़े पुल, दो बड़े अंडरपास, एक फ्लाईओवर और चार रेलवे ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे।
राज्य संपत्ति विभाग में भी बड़ा फैसला
कैबिनेट ने राज्य संपत्ति विभाग की सेवा नियमावली 2026 को भी मंजूरी दी। अब सहायक लेखाकार के 12 पदों में छह पद सीधे भर्ती और छह पद पदोन्नति के लिए होंगे। पहले केवल तीन एंट्री लेवल पद होने से सभी पद नहीं भर पाते थे। नए नियम लागू होने के बाद सभी पदों पर नियुक्ति और समय पर पदोन्नति का रास्ता साफ हो जाएगा।
Also Read: Lucknow News: दुबई में फंसे मजदूर को बनाया गोल्ड कैरियर, 30 लाख का सोना बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

