Lucknow News: दुबई में फंसे मजदूर को बनाया गोल्ड कैरियर, 30 लाख का सोना बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने दुबई से सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 203.92 ग्राम सोने के बुरादे से भरा कैप्सूल बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब दुबई से लौटे एक युवक ने अपने साथ हुई लूट की शिकायत दर्ज कराई।
दुबई में फंसे युवक को बनाया गया कैरियर
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक ने बताया कि बलिया के बेल्थरा रोड निवासी महबूब आलम ने 3 अगस्त को सरोजनीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 27 जुलाई को दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दीपक वर्मा, राम प्रताप दुबे, अर्शदीप और उनके साथियों ने उसे झांसा देकर कार में बैठाया। बाद में उसका ट्रॉली बैग लेकर उसे आलमबाग बस अड्डे के पास छोड़कर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 130 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से बलरामपुर निवासी दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से महबूब का सामान और सोने का कैप्सूल बरामद हुआ।
ऐसे काम करता था गिरोह
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब समेत कई राज्यों और खाड़ी देशों, खासकर दुबई में सक्रिय हैं। वे ऐसे भारतीयों को निशाना बनाते थे जो आर्थिक तंगी के कारण भारत लौटना चाहते थे। टिकट और नकद पैसे का लालच देकर उन्हें सोने की तस्करी के लिए कैरियर बनाया जाता था। सोने के बुरादे को कंडोम में पैक कर कैप्सूल बनाया जाता और शरीर के पिछले हिस्से के जरिए छिपाकर भारत लाया जाता था।
डीसीपी ने बताया कि अर्शदीप और उसके अन्य साथी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। वहीं, महबूब आलम की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Also Read: पंडित जी ने बोलने से मना किया, आज मेरा मौन व्रत है, ये वीडियो में बोलते दिखे रवि किशन

