Kushinagar News: बढ़ती गर्मी को देख प्रशासन अलर्ट, DM महेंद्र सिंह तंवर ने जारी की ‘फायर एडवाइजरी’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में बढ़ते तापमान और तेज पछुआ हवाओं के चलते जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकने और जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के लिए जिलाधिकारी व अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों के लिए एक विस्तृत ‘अग्नि सुरक्षा एडवाइजरी’ जारी की है।
किसानों के लिए विशेष निर्देश: 10×10 फीट का सुरक्षा घेरा
जिलाधिकारी ने अन्नदाताओं से अपील की है कि वे अपनी पकी हुई फसल और खलिहानों की सुरक्षा के लिए निम्नलिखित कदम उठाएं।
ट्रांसफार्मर सुरक्षा: खेतों में लगे बिजली के ट्रांसफार्मरों के आसपास 10×10 फीट तक की जगह को बिल्कुल साफ रखें, ताकि चिंगारी से फसल में आग न लगे।
पराली पर रोक: फसल कटने के बाद खेतों में बचे डंठलों या पराली को कतई न जलाएं।
बिजली विभाग को सूचना: ढीले तारों या शॉर्ट सर्किट की आशंका होने पर तुरंत बिजली विभाग के कंट्रोल रूम को सूचित करें।
रसोई और घर के लिए ‘सुरक्षा मंत्र’
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आग से बचाव के लिए डीएम ने कुछ व्यावहारिक बदलावों का सुझाव दिया है।
कुकिंग टाइम: गर्मी के महीनों में कोशिश करें कि भोजन सुबह 9 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद ही बनाया जाए।
वस्त्रों का चयन: खाना बनाते समय पॉलिस्टर या ढीले कपड़े न पहनें, केवल सूती कपड़ों का ही प्रयोग करें।
सतर्कता: जलती हुई माचिस, बीड़ी या सिगरेट को लापरवाही से इधर-उधर न फेंकें। रसोई में बालू, मिट्टी और पानी का स्टॉक हमेशा तैयार रखें।
सामुदायिक सहयोग और आपातकालीन संपर्क
जिलाधिकारी ने जोर दिया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सामुदायिक सहयोग से उसे बुझाने का प्रयास करें और तत्काल प्रशासन को सूचित करें। ज्वलनशील पदार्थ लेकर सार्वजनिक वाहनों (बस/ट्रेन) में सफर न करें।
आपातकालीन स्थिति में यहां करें कॉल
फायर ब्रिगेड: 101 / 100
मुख्य अग्निशमन अधिकारी: 9454418378
फायर स्टेशन (रविन्द्रनगर): 9454418801
फायर स्टेशन (तमकुहीराज): 9454418805
विद्युत विभाग कंट्रोल रूम: 7054177824
जिलाधिकारी कंट्रोल रूम: 05564-240590 (टोल फ्री: 1077)
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: आंवला नगर पालिका: 5 मनोनीत सभासदों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ, SDM विदुषी सिंह ने दिलाई जिम्मेदारी

