लखीमपुर में बारिश बनी आफत, शौचालय की दीवार गिरने से महिला की मौत, अधिकारियों ने लिया जायजा

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सो में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच लखीमपुर खीरी में मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। मंगलवार सुबह धौरहरा तहसील क्षेत्र के ईसानगर विकासखंड स्थित पलिहा गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। शौचालय गई एक महिला के ऊपर अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

शौचालय की दीवार अचानक गिरी

जानकारी के मुताबिक, पलिहा गांव निवासी श्वेता दीक्षित (38) पत्नी चुन्नीलाल मंगलवार सुबह शौचालय गई थीं। इसी दौरान शौचालय की दीवार अचानक गिर गई और वह उसके मलबे के नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जब तक उन्हें मलबे से बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही ईसानगर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मंगलवार तड़के गांव पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। आवश्यक लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

तहसीलदार धौरहरा आदित्य विशाल ने बताया कि मृतका के परिजनों को दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार सहायता राशि दिलाई जाएगी। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।

रिपोर्ट : कौशलेंद्र शुक्ला

Also Read: लखीमपुर में 8 पुलिसकर्मियों पर FIR, सांप तस्करी मामले में अवैध वसूली का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.