छत्तीसगढ़ से गाजीपुर पहुंचा सिरफिरा आशिक, टावर पर चढ़कर किया हंगामा

Ghazipur News: गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छत्तीसगढ़ से आया एक सिरफिरा युवक अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद में करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने धमकी दी कि यदि उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया, तो वह ऊपर से कूदकर अपनी जान दे देगा।

ग्रामीणों ने जब युवक को टावर पर देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। इस बीच युवक ने टावर के ऊपर से एक चिट्ठी लिखकर नीचे फेंकी। चिट्ठी में उसने लिखा कि उसकी प्रेमिका इसी गांव की रहने वाली है और वह सिर्फ उससे मिलने आया है।

पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में छानबीन की और युवक की प्रेमिका का पता लगाया। पुलिस ने मोबाइल के जरिए प्रेमिका से युवक की बात कराई और उसे नीचे आने के लिए मनाया। प्रेमिका के समझाने के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजीत साव (निवासी: रायपुर, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। शादियाबाद पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Also Read: ‘दम है तो गोरखपुर से लड़ें चुनाव’, स्मृति ईरानी का अखिलेश यादव को चैलेंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.