Lucknow: 5 घंटे ब्लैकआउट से भड़के लोग, आधी रात बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का सब्र तोड़ दिया। दुबग्गा क्षेत्र में सोमवार देर रात घंटों बिजली गुल रहने से नाराज उपभोक्ता आधी रात को सीधे उपकेंद्र पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात ऐसे बन गए कि उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों को खुद को कमरे में बंद करना पड़ा और पुलिस बुलानी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, दुबग्गा क्षेत्र के एफसीआई उपकेंद्र के आदर्श विहार फीडर से जुड़े करीब चार हजार उपभोक्ताओं की बिजली सोमवार रात करीब 11:30 बजे से मंगलवार सुबह 4:30 बजे तक बाधित रही। उमस भरी रात में घंटों बिजली नहीं आने से लोगों का गुस्सा भड़क गया और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जल्द Supply बहाल कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि इलाके में बिजली चोरी और बढ़ते Load की वजह से केबल बार-बार जल रही हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है।

15 कर्मचारियों पर 26 हजार उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी

एफसीआई उपकेंद्र पर मौजूदा समय में केवल 15 कर्मचारी तैनात हैं, जबकि यहां 26 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी है। कर्मचारियों का दावा है कि उपकेंद्र को सुचारु रूप से चलाने के लिए कम से कम 30 कर्मचारियों की आवश्यकता है। स्टाफ की कमी के कारण शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।

ट्रांसफार्मर फुंकने से बढ़ा संकट, कई इलाकों में बिजली गुल

Lucknow के दुबग्गा के प्रतीक विहार कॉलोनी में 250 KVA का ट्रांसफार्मर अचानक आग की चपेट में आ गया। करीब एक घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की वजह से करीब 10 मीटर लंबी केबल भी जल गई। फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

इसके बाद विभाग ने 400 KVA का नया ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन बढ़े हुए लोड के चलते वह भी कुछ घंटों में फुंक गया। नतीजतन लोगों को करीब 10 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। बाद में तीसरा ट्रांसफार्मर लगाने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।

दूसरी ओर मुनेश्वरपुरम कॉलोनी में पिछले 15 दिनों से हाई और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार तार और न्यूट्रल जलने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।

केबल फॉल्ट और आंधी ने बढ़ाई परेशानी

Lucknow के जानकीपुरम, फैजुल्लागंज और आसपास के कई इलाकों में केबल जलने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कई जगह कर्मचारियों को रातभर मरम्मत कार्य करना पड़ा।

वहीं मंगलवार रात करीब 9:30 बजे ट्रांस गोमती क्षेत्र के 11 उपकेंद्रों की बिजली अचानक बंद हो गई। करीब 15 मिनट तक जानकीपुरम, विकासनगर, निराला नगर, महानगर, कपूरथला समेत बड़े इलाके अंधेरे में डूबे रहे। ट्रांसमिशन अधिकारियों के अनुसार आंधी और बिजली कड़कने के कारण सिस्टम ने सुरक्षा कारणों से Supply बंद कर दी थी, जिसे 15 मिनट बाद दोबारा चालू कर दिया गया।

Also Read: Lucknow की युवती 21 दिन से लापता, परिवार का दावा- धर्म परिवर्तन के लिए सीरिया ले गया युवक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.