Lucknow की युवती 21 दिन से लापता, परिवार का दावा- धर्म परिवर्तन के लिए सीरिया ले गया युवक
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीजीआई क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय युवती के परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में काम करने वाला एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ सीरिया ले गया।
परिवार का दावा है कि युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था और उसे ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और परिजन बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
परिवार के मुताबिक आरोपी की पहचान इरशाद के रूप में हुई है, जो पहले से युवती के संपर्क में था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए पिछले रक्षाबंधन पर युवती से राखी भी बंधवाई थी। इसके बाद दोनों की तस्वीरों का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर युवती को ब्लैकमेल किया जाने लगा।
परिजनों का कहना है कि युवती ने पहले भी आरोपी की हरकतों को लेकर शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि यदि शुरुआती शिकायत पर गंभीरता दिखाई जाती, तो मामला इतना आगे नहीं बढ़ता।
21 मई से लापता, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
परिवार के अनुसार युवती 21 मई से घर से लापता है। तब से उसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार युवती पर धर्म परिवर्तन करने और इस्लाम कबूल करने का दबाव बना रहा था। साथ ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल भी किया जा रहा था।
बेटी के गायब होने के बाद परिवार की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पिता पुलिस और अदालत के चक्कर काट रहे हैं, जबकि मां और छोटा भाई उसकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें आशंका है कि युवती को देश से बाहर ले जाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं परिजन प्रशासन से जल्द से जल्द युवती का पता लगाकर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग कर रहे हैं।
Also Read: लखनऊ में जाली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, करीब 14 लाख की नकली करेंसी के साथ तीन शातिर गिरफ्तार

