Lucknow News: दोस्ती के नाम पर फंसाया, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आशियाना इलाके में इंटर की एक छात्रा को उसका ही स्कूल का एक दोस्त ब्लैकमेल कर लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा। आरोपी ने न सिर्फ छात्रा की अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए, बल्कि उन्हें वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया और विरोध करने पर मारपीट की।
पीड़िता की मां ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
स्कूल में दोस्ती, फिर शोषण का दौर
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला साल 2023 से शुरू हुआ। उस वक्त पीड़ित छात्रा और आरोपी अर्थ रजा एक ही स्कूल में पढ़ते थे। आरोपी ने पहले तो छात्रा से दोस्ती की, फिर धीरे-धीरे उसे अपने जाल में फंसा लिया। उसने छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए।
इसके बाद उसने छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कई बार होटलों में ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि वह छात्रा को गर्भनिरोधक दवाएं भी खिलाता था, ताकि मामला उजागर न हो।
जब छात्रा ने इस शोषण का विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाना भी शुरू कर दिया। पीड़िता अपने साथ हो रहे इस अत्याचार से पूरी तरह टूट चुकी थी, लेकिन डर के कारण किसी को कुछ बता नहीं पाई।
दवाओं से बिगड़ी तबीयत, खुला राज
आरोपी द्वारा लगातार खिलाई जा रही दवाओं के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। उसे यूरिन इंफेक्शन हो गया। जब परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, तो जांच के दौरान पूरी घटना की जानकारी सामने आ गई। डॉक्टर से पता चला कि लगातार गर्भनिरोधक दवाएं खिलाए जाने से उसकी सेहत खराब हुई है।
पीड़ित छात्रा के पिता थल सेना में हैं। मामले की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। छात्रा की मां ने सोमवार को पीजीआई थाने में आरोपी अर्थ रजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और परिवार को धमकाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल की गई हैं। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें और परिवार की बहनों को भी धमकी दी थी।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पीजीआई थाने की पुलिस ने आरोपी अर्थ रजा को गिरफ्तार कर लिया है। वह आशियाना के रश्मिखंड इलाके का निवासी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
Also Read: सफल हुआ DRDO का प्रोजेक्ट कुशा, मजबूत हुई भारत की एयर डिफेंस क्षमता

