अयोध्या में पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड, 200 लीटर तक पहुंचा ब्लैक का खेल
Sandesh Wahak Digital Desk:: उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से फैली एक ‘अफवाह’ ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अयोध्या, अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत कई जिलों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबर से पैनिक फैल गया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि अयोध्या के कई प्रमुख पंपों पर ‘ईंधन समाप्त’ के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, और जहां तेल मिल रहा है, वहां पुलिस की भारी मौजूदगी में लंबी कतारें लगी हुई हैं।
₹100 की सीमा और ऑनलाइन पेमेंट ठप
बुधवार तड़के 5:00 बजे से ही अयोध्या की सड़कों पर पेट्रोल के लिए लंबी कतारें देखी गईं। शहर के देवकाली बाईपास, महोबारा ओवरब्रिज और अयोध्याधाम बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंपों पर हाहाकार मचा है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पंपों ने ₹100 से अधिक का पेट्रोल देने पर रोक लगा दी है। अधिकांश पंपों पर ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे केवल नकद (Cash) में ही तेल मिल रहा है। संकट के बीच ‘ब्लैक’ का खेल भी शुरू हो गया है। अमर बहादुर नामक उपभोक्ता ने बताया कि उन्हें मजबूरी में ₹200 प्रति लीटर की दर से पेट्रोल खरीदना पड़ा।
सिलेंडर के बाद अब पेट्रोल की लाइन
विस्थापन और रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे लोग अब ईंधन के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। देवकाली बाईपास पर एक महिला को रसोई गैस सिलेंडर के साथ ही पेट्रोल की लाइन में लगे देखा गया, जो जिले में आपूर्ति व्यवस्था की बदहाली को बयां कर रहा है। ग्रामीण इलाकों जैसे बीकापुर, जलालपुर माफी और शेरपुर पारा में किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं, क्योंकि सरसों और गेहूं की मड़ाई के लिए उन्हें डीजल नहीं मिल पा रहा है।
प्रशासन की अपील
बिगड़ते हालातों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने जनता से अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग (जरूरत से ज्यादा खरीदारी) न करें। आपूर्ति सुचारू है और इसे बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस का ‘पहरा’ और कर्मचारियों से झड़प
स्थिति को संभालने के लिए रातभर पुलिस को गश्त करनी पड़ी। कई संवेदनशील पंपों पर बैरिकेडिंग की गई है। घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण सब्र का बांध टूटने पर उपभोक्ताओं और पंप कर्मचारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
Also Read: बहराइच: सीएम योगी का ‘PDA’ पर कड़ा प्रहार, बोले- पिछली सरकारों ने केवल परिवारवाद को पाला

