ईरान से बिगड़े रिश्तों का खामियाजा भुगत रही जनता, एलपीजी किल्लत पर डिंपल यादव ने सरकार को घेरा

Sandesh Wahak Digital Desk: देश में रसोई गैस (LPG) की बढ़ती किल्लत और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि सरकार की गलत विदेश नीति के कारण आज आम आदमी को खाली सिलेंडर के साथ हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है।

ईरान हमारा पुराना दोस्त, फिर ऐसा बर्ताव क्यों

डिंपल यादव ने भारत और ईरान के दशकों पुराने रिश्तों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने मौजूदा संकट में जिस तरह का रुख अपनाया, वह सही नहीं था। उनके अनुसार, ईरान हमेशा से भारत का भरोसेमंद मित्र रहा है, लेकिन सरकार ने सही समय पर स्टैंड नहीं लिया। इसी कूटनीतिक चूक का नतीजा है कि आज देश में एलपीजी की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। लोग महीने भर पहले बुकिंग करा रहे हैं, फिर भी उन्हें सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा है।

सर्वदलीय बैठक और विपक्ष की मांग

ईरान मसले और ईंधन की सप्लाई को लेकर सरकार ने आज एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा, हम देखेंगे कि सरकार इस बैठक में क्या पक्ष रखती है। हमारी मांग है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस मीटिंग में मौजूद रहें और देश को असल स्थिति से अवगत कराएं।

बातचीत के दौरान डिंपल यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को स्पष्टता देने की चुनौती दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी की ओर से मांग रखी कि सरकार अपना पूरा एजेंडा पॉइंटवाइज (बिंदुवार) विपक्ष के सामने रखे। यह साफ किया जाए कि क्या इस आरक्षण में पिछड़ा (OBC), अनुसूचित जाति/जनजाति (SC-ST) और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए अलग से कोटे का प्रावधान है या नहीं। बिना पूरी जानकारी के विपक्ष अपनी राय कैसे दे सकता है?

Also Read: LPG क्राइसिस की ख़बरों के बीच, भारत की ओर बढ़ रहे हैं 2 टैंकर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.