Lucknow News: अपर्णा यादव ने फूंका सपा-कांग्रेस का झंडा, अखिलेश बोले- दिखावे का प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की रात महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई। विधानभवन के सामने राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सपा और कांग्रेस का झंडा जलाकर विरोध दर्ज कराया। वहीं इसके बाद यूपी की सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया।
विधानसभा के सामने अपर्णा का ‘रुद्र’ रूप
शुक्रवार देर रात राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव अपने समर्थकों के साथ विधानभवन पहुंचीं। उन्होंने विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सपा और कांग्रेस के झंडे जलाए। अपर्णा यादव ने कहा “दशकों से महिला आरक्षण बिल को अटका कर रखा गया है। विपक्षी दलों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है, जिसके कारण आज भी आधी आबादी अपने हक के लिए तरस रही है।” महिला आयोग की सदस्यों ने न केवल विधानसभा बल्कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर भी जोरदार प्रदर्शन किया। आयोग ने शनिवार को प्रदेश व्यापी बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजपावाले लगभग 12 करोड़ महिलाओं वाले उप्र में 12 महिलाओं को तो भेजते। pic.twitter.com/vIuXpdKIVZ
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 17, 2026
अखिलेश यादव का चुटीला वार: “सिर्फ 12 महिलाएं?”
सपा कार्यालय पर हुए प्रदर्शन और झंडा जलाने की घटना पर पलटवार करने में अखिलेश यादव ने भी देर नहीं की। भाजपा और अपर्णा यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा “भाजपा वाले 12 करोड़ महिलाओं वाले उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन करने के लिए कम से कम 12 महिलाओं को तो भेजते। ये सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर केवल सुर्खियां बटोरने का प्रयास है।”
ब्रजेश पाठक बोले- ‘विरोधियों को भुगतना होगा परिणाम’
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि आजादी के बाद से पहली बार मोदी सरकार ने महिलाओं को उनका वाजिब हक देने की गंभीर पहल की है। उन्होंने कहा कि जो दल आज इस बिल की राह में रोड़े अटका रहे हैं, उन्हें आगामी चुनावों में देश की नारी शक्ति करारा जवाब देगी।
Also Read: Ayodhya News: अब नए कलेवर में दिखेगी मां सरयू की आरती, पुजारियों के लिए ‘ड्रेस कोड’ लागू

