Lucknow News: महाराजा कंसा पासी के सुपुत्र मलीहा पासी का बोर्ड चोरी, धरने पर बैठा समाज
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। महाराजा कंसा पासी के सुपुत्र मलीहा पासी के नाम का गौरव बोर्ड मलिहाबाद पुलिस की नाक के नीचे से चोरी हो गया है। इस घटना के बाद से ही पासी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उबाल है।
जब तक बोर्ड नहीं, तब तक हटेंगे नहीं
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मलिहाबाद-मोहान तिराहे पर इकट्ठा हो गए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि यह केवल एक बोर्ड की चोरी नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और गौरव पर हमला है। संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक बोर्ड दोबारा स्थापित नहीं किया जाता, तब तक धरना खत्म नहीं होगा।
आपको बता दें कि यह बोर्ड क्षेत्रीय विधायक जयदेवी कौशल के प्रयासों से लगवाया गया था, जो ऐतिहासिक धरोहर और महान विभूतियों के सम्मान का प्रतीक था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त केवल कागजों पर है, वरना इतने व्यस्त इलाके से इतना बड़ा बोर्ड चोरी होना नामुमकिन था।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान
सरेराह बोर्ड चोरी होने की इस घटना ने इलाके में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। फॉरेंसिक और सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की तलाश की बात कही जा रही है, लेकिन आक्रोशित भीड़ फिलहाल सुनने को तैयार नहीं है।
Also Read: IRS अफसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, फोन चार्जर से घोंटा गला, शक के घेरे में पुराना नौकर

