Lucknow News: छोटे भाई की पत्नी का शारीरिक शोषण करने वाला जेठ गिरफ्तार, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। पुलिस ने अपनी ही बहू (छोटे भाई की पत्नी) का शारीरिक शोषण करने और उसे जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद समेत ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
डरा-धमका कर किया शारीरिक शोषण
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने 7 अप्रैल 2026 को जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि उसके जेठ आलोक सिंह ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसका शोषण किया। यही नहीं, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा भी उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पति अभिषेक सिंह, जेठ आलोक सिंह, सास किरन सिंह, ननद लता सिंह और जेठानी संगीता सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम (DP Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।
ट्रॉमा सेंटर के पास से दबोचा गया आरोपी
विवेचना अधिकारी अंकित कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी आलोक सिंह भवानी चौराहे के पास देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर के पास से अभियुक्त आलोक सिंह (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशे से ड्राइवर है और जानकीपुरम विस्तार के शिवम सिटी का निवासी है।
पुलिस की अग्रिम कार्यवाही
जानकीपुरम पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है और आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Also Read: Lucknow News: गुडम्बा फायरिंग कांड का ‘वॉन्टेड’ यासीन गाजी गिरफ्तार, कई संगीन मुकदमों में रहा है नाम

