Lucknow News: LDA ने अनुभूति अपार्टमेंट को RWA को किया हैंडओवर, प्रथमेश कुमार ने पदाधिकारियों को सौंपा पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अलीगंज योजना स्थित अनुभूति अपार्टमेंट के रखरखाव की जिम्मेदारी अब वहां के निवासियों को सौंप दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने नव-गठित रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के पदाधिकारियों को कार्यालय में आमंत्रित कर आधिकारिक तौर पर हैंडओवर पत्र प्रदान किया।

2018 में बनकर तैयार हुआ था अपार्टमेंट

एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने जानकारी दी कि अलीगंज योजना के सेक्टर-सी.एस. (सीतापुर रोड) पर स्थित अनुभूति अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2018 में पूरा हुआ था। तब से लेकर अब तक अपार्टमेंट के अनुरक्षण (Maintenance) का कार्य प्राधिकरण द्वारा ही किया जा रहा था। उपाध्यक्ष के निर्देशों के बाद आवंटियों के बीच लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराकर ‘अनुभूति अपार्टमेंट रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन’ का गठन किया गया।

निवासी स्वयं करेंगे समस्याओं का समाधान

हैंडओवर पत्र सौंपते समय उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष चौधरी अंतिमा देशवाल और सचिव राज कुमार जायसवाल को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा “अपार्टमेंट में रहने वाले आवंटी वहां की जमीनी समस्याओं को प्राधिकरण के अधिकारियों से बेहतर समझते हैं। अब अनुरक्षण कार्य स्वयं आवंटियों द्वारा चुनी गई समिति करेगी, जिससे समस्याओं का निराकरण तुरंत और प्रभावी ढंग से होगा।” हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने से सोसाइटी में रहने वाले समस्त आवंटियों को अपनी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

हैंडओवर के इस महत्वपूर्ण अवसर पर एलडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत कुमार शर्मा, प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव और सहायक अभियंता गौरव सिंह शामिल थे।

Also Read: Siddharthnagar News: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से शुरू हुआ महिला सशक्तिकरण का नया युग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.