Lucknow News: अम्बेडकर स्मारक में ‘लाइट एंड साउंड शो’ का आगाज, तकनीक के जरिए जीवंत होगा बाबा साहब का संघर्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल अब पर्यटकों के लिए और भी खास हो गया है। मंगलवार से यहाँ अत्याधुनिक ‘लाइट एंड साउंड शो’ की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस शो के माध्यम से संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बचपन से लेकर संविधान निर्माण तक के प्रेरणादायक सफर को प्रकाश, ध्वनि और रोचक दृश्यों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुति
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि स्मारक समिति द्वारा लगभग 18.40 करोड़ रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है। शो की गुणवत्ता को बेहतरीन बनाने के लिए स्मारक में 06 हाई-टेक प्रोजेक्टर स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक प्रोजेक्टर की क्षमता 30,000 ल्यूमेन्स है, जिससे दर्शकों को बेहद स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाले दृश्य देखने को मिलेंगे। करीब 30 मिनट की इस प्रस्तुति में बाबा साहब के जीवन संघर्ष के साथ-साथ देशभक्ति के गीतों का भी समावेश किया गया है।

हरीश भिमानी की आवाज बढ़ाएगी शो की गरिमा
इस शो की सबसे बड़ी विशेषता इसमें इस्तेमाल की गई आवाज है। बाबा साहब के जीवन मूल्यों को देश के प्रसिद्ध वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीश भिमानी ने अपनी आवाज दी है। गौरतलब है कि हरीश भिमानी वही कलाकार हैं जिन्होंने मशहूर धारावाहिक ‘महाभारत’ में ‘मैं समय हूं’ के सूत्रधार के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। अब उनकी गंभीर और प्रभावशाली आवाज दर्शकों को इतिहास के पन्नों से रूबरू कराएगी।

शाम 7:30 बजे से उठा सकेंगे शो का आनंद
एलडीए उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि इस शो का ट्रायल 25 अप्रैल से ही चल रहा था, जिसे अब नियमित कर दिया गया है। पर्यटक अब प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से इस शो का आनंद ले सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबा साहब के सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रति समर्पण के विचारों से जोड़ना है।

बच्चों के लिए बनेगा विशेष प्ले-एरिया
स्मारक को परिवार के अनुकूल बनाने के लिए यहाँ बच्चों के लिए एक डेडिकेटेड प्ले-एरिया भी विकसित किया जा रहा है। इसका कार्य वर्तमान में प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इससे स्मारक आने वाले अभिभावकों के साथ बच्चे भी वहां मनोरंजन कर सकेंगे। यह पहल सांस्कृतिक और शैक्षिक दृष्टि से लखनऊ के पर्यटन में एक नया अध्याय जोड़ेगी।
Also Read: कैबिनेट का बड़ा फैसला: सुप्रीम कोर्ट में जजों के 5 नए पद मंजूर, पेंडिंग केसों में आएगी तेजी

