Lucknow News: अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचे सपा नेता, सरकार पर लगाए ये गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के विकासनगर (टेढ़ीपुलिया) क्षेत्र में 15 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने घटनास्थल का दौरा कर प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दमकल विभाग की देरी को सैकड़ों झोपड़ियों के जलने का मुख्य कारण बताया और मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

प्रशासन की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पीड़ितों से मुलाकात के बाद कहा कि जहां यह भीषण आग लगी, वहां से फायर ब्रिगेड कार्यालय की दूरी मात्र पांच मिनट की है। इसके बावजूद गाड़ियां दो घंटे की देरी से पहुंचीं।
विधायक ने दावा किया कि इस हादसे में कई लोगों की जान गई है, लेकिन प्रशासन मौतों के आंकड़े छुपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात भर लोगों को अपनी झोपड़ियों में नहीं जाने दिया गया, जिससे वे अपना बचा-कुचा सामान भी नहीं निकाल सके। सुबह जब लोग अंदर गए तो उनके पास न आभूषण बचे थे और न ही राशन।

सपा की मुआवजा मांग: ‘मृतकों को 1 करोड़ और पीड़ितों को 25 लाख’
रविदास मेहरोत्रा ने पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से विधानसभा तक संघर्ष का ऐलान करते हुए निम्नलिखित मांगें रखीं।
मृतक परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा मिले।
जिनकी झोपड़ियां जली हैं, उन्हें कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
सभी प्रभावितों को पक्का मकान या उसी स्थान पर मालिकाना हक प्रदान किया जाए।

मैदान में उतरी सपा की टीम: सेवा और चिकित्सा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता राहत कार्यों में जुटे हैं। सपा प्रवक्ता और चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. आशुतोष वर्मा ने टेढ़ीपुलिया क्षेत्र में पीड़ितों के लिए मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाया है। प्रवक्ता फखरूल हसन चांद, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, शर्मिला महाराज, कृष्ण कन्हैया पाल, प्रवेश कुमार यादव और शिव शंकर लोधी ने मौके पर पहुँचकर पीड़ितों के बीच कपड़े, खाना और अन्य आवश्यक वस्तुएं बांटीं।
विधायक का आरोप है कि प्रशासन ने पीड़ितों के लिए टेंट या भोजन का कोई प्रबंध नहीं किया, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला।
Also Read: Hapur News: सड़क किनारे खड़ी 3 महिलाओं को कार ने रौंदा, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

