Lucknow News: SGPGI में हुआ राज्य का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण, मरीज को मिली नई धड़कन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं ने आज एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है। राजधानी लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) ने राज्य का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण (Heart Transplant) कर चिकित्सा क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल एक मरीज के लिए नई जिंदगी की शुरुआत है, बल्कि यूपी के स्वास्थ्य तंत्र की वैश्विक स्तर की क्षमताओं का भी प्रमाण है।
दिल्ली से लखनऊ तक समय की रेस: ‘ग्रीन कॉरिडोर’ ने दिखाई राह
दिल्ली के एक डोनर ने हृदय, लिवर और किडनी दान कर कई लोगों को जीवनदान दिया। हृदय को दिल्ली से एयर एम्बुलेंस के जरिए लखनऊ लाया गया। लखनऊ एयरपोर्ट से PGI तक प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जिससे दिल को बिना किसी देरी के ओटी (OT) तक पहुंचाया गया। ‘डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी’ से जूझ रहे गंभीर मरीज को यह हृदय लगाया गया। कम से कम इस्केमिक समय (Ischemic Time) में इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया गया।

इन विभागों के समन्वय से मिली सफलता
इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में SGPGI के CVTS, कार्डियोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग के साथ-साथ SOTTO, ROTTO और दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की टीमों ने अभूतपूर्व तालमेल दिखाया। संस्थान के निदेशक प्रो. आर.के. धीमन ने इसे राज्य में ‘मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट’ की मजबूत नींव करार दिया है।
राज्यपाल, CM और डिप्टी CM ने सराहा
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर PGI की टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी चिकित्सा केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
टीम के मुख्य नायक
CVTS टीम: प्रो. एस के अग्रवाल, प्रो. शांतनु पांडे, प्रो. मिलिंद होते सहित अन्य विशेषज्ञ।
कार्डियोलॉजी: प्रो. आदित्य कपूर, प्रो. रूपाली खन्ना की टीम।
एनेस्थीसिया: प्रो. पुनीत गोयल, डॉ. अमित रस्तोगी और अन्य।
सहयोगी: परफ्यूजनिस्ट राज कुमार यादव व संदीप कुमार, साथ ही कलावती पाल और उनकी नर्सिंग टीम।
Also Read: लखनऊ में UP STF ने दबोचा अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर, 23 लाख की नेपाली चरस बरामद

