Lucknow News: झाड़-फूंक का बहाना, फिर गला घोंटकर हत्या, दिल दहला देने वाला अपराध उजागर

Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की क्राइम और सर्विलांस टीम (पूर्वी जोन) तथा थाना चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने अपनी ही नाबालिग बेटी की हत्या करने वाले पिता और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि दोनों ने झाड़-फूंक के बहाने बच्ची को बाराबंकी ले जाकर गला घोंटकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव के चेहरे पर तेजाब डालकर उसे शारदा नहर में फेंक दिया।

मामले का खुलासा ऐसे हुआ

थाना चिनहट पर 16 अप्रैल 2026 को विजय कुमार चौबे द्वारा IGRS के माध्यम से अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और गहन पूछताछ में शिकायतकर्ता की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विजय कुमार चौबे और उसके साथी अब्दुल मन्नान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

अभियुक्त विजय कुमार चौबे ने बताया कि वह बेटी के व्यवहार से परेशान था और सामाजिक बदनामी के डर से उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

13 अप्रैल 2026 को किराये की कार लेकर वह बेटी को झाड़-फूंक कराने का बहाना बनाकर घर से निकला।

रात के समय बाराबंकी के कुर्सी रोड क्षेत्र में सुनसान जगह पर कार रोककर दोनों ने मिलकर बच्ची का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद शव की पहचान छिपाने के लिए पहले से कार में रखे तेजाब को बच्ची के चेहरे पर डाल दिया गया और शव को शारदा नहर में फेंकने की कोशिश की गई। वाहन आने की आहट पर दोनों मौके से फरार हो गए।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

बरामदगी

  • हत्या में प्रयुक्त चार पहिया वाहन (UP32 ST 1780)
  • दो मोबाइल फोन

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला गंभीर और संवेदनशील है। साक्ष्य पूरी तरह से मजबूत हैं और आगे की विधिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

न्यायिक प्रक्रिया के तहत अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

Also Read: आजमगढ़ का 50 हजार का इनामी विकास सोरण हरियाणा से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.