वाराणसी का 50 हजारी इनामी बदमाश गिरफ्तार, हत्या और फायरिंग मामले में था वांछित
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) की वाराणसी इकाई ने 50,000 रुपये के इनामी और शातिर अपराधी दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक यादव वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या और गोलीबारी की घटना में लंबे समय से फरार चल रहा था।
जमुनीपुर में घेराबंदी कर दबोचा
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम लगातार पुरस्कार घोषित अपराधियों पर नजर रख रही थी। सटीक मुखबिरी के आधार पर एसटीएफ ने वाराणसी के थाना चोलापुर क्षेत्र के जमुनीपुर ग्राम के पास जाल बिछाया और दीपक यादव को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
क्या थी पूरी घटना?
यह मामला 25 दिसंबर 2025 की शाम का है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। बड़ागांव के इन्दरपुर निवासी अभिषेक यादव और रामू यादव मोटरसाइकिल से जा रहे थे। दयालपुर के पास खड़े 6-7 लोगों से बाइक का हैंडल हल्का सा छू गया। इस मामूली बात पर दीपक यादव और उसके साथियों ने अभिषेक और रामू पर हमला कर दिया। इसी दौरान रामू यादव को गोली मार दी गई।
शोर सुनकर पास ही मौजूद समीर सिंह नामक युवक वहां पहुंचा, तो बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर समीर सिंह की मृत्यु हो गई थी। इस मामले में 6 अभियुक्त पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि दीपक यादव उर्फ पहलवान तब से फरार था और पुलिस ने उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
अपराधिक इतिहास: पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
दीपक यादव एक मनबढ़ किस्म का अपराधी है। एसटीएफ की जांच में उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी देने के मामले सामने आए हैं।
- थाना चौबेपुर (2018): मारपीट और धमकी (मु0अ0सं0 167/2018)।
- थाना चौबेपुर (2023): मारपीट और तोड़फोड़ (मु0अ0सं0 160/2023)।
- थाना बड़ागांव (2025): हत्या, हत्या का प्रयास और दंगा (मु0अ0सं0 525/2025)।
एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को थाना बड़ागांव में दाखिल कर दिया है, जहां स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: मेरठ और अलीगढ़ में एंटी करप्शन टीम का छापा, गन्नाधिकारी और नगर पालिका क्लर्क घूस लेते गिरफ्तार

