Lucknow: गोमतीनगर थाने में सिपाही की मौत से हड़कंप, पंखे से लटका मिला आकाश यादव का शव
Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर थाने में रविवार को सिपाही आकाश यादव की मौत से हड़कंप मच गया। 26 वर्षीय आकाश यादव थाना परिसर में बने कमरे में रहते थे। वह बिजनौर के चांदपुर के रहने वाले थे और 2019 बैच के सिपाही थे। पिछले करीब दो साल से उनकी तैनाती गोमतीनगर थाने में थी और फिलहाल वह क्राइम टीम में काम कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे आकाश ने अपने साथ काम करने वाले एक सिपाही को फोन किया था। बातचीत में शाम को मिलने की बात हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही उनके कमरे में घटना सामने आई।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था
दोपहर करीब तीन बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद एक साथी सिपाही आकाश के कमरे पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने खिड़की से अंदर देखा। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आकाश की मौत की वजह क्या रही। उनके निजी और पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
आखिरी फोन कॉल भी जांच के घेरे में
पुलिस आकाश की आखिरी फोन कॉल और उसमें हुई बातचीत को भी जांच का हिस्सा बना रही है। इसके अलावा उनके साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके।
Lucknow के गोमतीनगर थाना प्रभारी ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, आकाश यादव करीब दो साल से थाने में तैनात थे और क्राइम टीम में कार्यरत थे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: 25 हजार लेते पोस्ट ऑफिस कर्मचारी गिरफ्तार, लोन सब्सिडी के लिए मांगे थे 35 हजार

