ICICI बैंक की पूर्व डिप्टी मैनेजर पर ग्राहक से 7.80 लाख की ठगी का आरोप, बलिया से हुई गिरफ्तारी
ICICI Bank Fraud: ICICI बैंक की पूर्व डिप्टी ब्रांच मैनेजर ममता कुमारी (Mamta Kumari) को ग्राहक से कथित तौर पर 7.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दिसंबर 2023 में उन्होंने बैंक में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्राहक के क्रेडिट कार्ड और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़े लेनदेन में हेरफेर किया।
मामले के मुताबिक, Mamta Kumari ने कथित तौर पर ग्राहक का क्रेडिट कार्ड चुरा लिया और उसकी जानकारी के बिना उससे करीब 1 लाख रुपये की खरीदारी की। इसके अलावा फर्जी हस्ताक्षर के जरिए ग्राहक की FD से 6.80 लाख रुपये निकालने का भी आरोप है। इस तरह ग्राहक के साथ कुल 7.80 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
लंबी जांच के बाद बलिया से पकड़ी गईं
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को ममता कुमारी (Mamta Kumari) के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने बलिया स्थित उनके गृहनगर में पहुंचकर उन्हें तलाश किया और 8 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
ममता कुमारी ICICI बैंक की चेतला ब्रांच में डिप्टी ब्रांच मैनेजर रह चुकी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ग्राहक के खाते और FD से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल किस तरह किया गया और कथित तौर पर निकाली गई रकम कहां गई।
ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाई गईं
गिरफ्तारी के बाद ममता कुमारी को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया गया है। पुलिस उनसे मामले में पूछताछ कर रही है और कथित तौर पर ठगी गई रकम की बरामदगी की कोशिश में जुटी है।
Mamta Kumari को सोमवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस कोर्ट से उनकी हिरासत मांग सकती है, ताकि मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस धोखाधड़ी में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
Also Read: लखनऊ में 17 साल की लड़की की हत्या, घर में मिला शव, पास में गंभीर हालत में मिला युवक

