लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, फीस वृद्धि और निष्कासन के खिलाफ सपा छात्र सभा का हल्लाबोल
Lucknow Student Protest: लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। छात्र विश्वविद्यालयों में बढ़ी फीस वापस लेने, छात्र संघ चुनाव बहाल करने और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 1090 चौराहे पर जुटे थे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन देने के लिए राजभवन जाने की तैयारी की थी।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने किया। इस दौरान समाजवादी छात्र सभा के कई प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद रहे। लखनऊ उत्तर विधानसभा से प्रत्याशी रहीं पूजा शुक्ला ने भी प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी की।

पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, कई छात्र हिरासत में लिए गए
छात्रों के राजभवन कूच को रोकने के लिए पुलिस ने 1090 चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद पुलिस ने कई छात्र-युवाओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश के विश्वविद्यालयों में लगातार फीस बढ़ाई जा रही है। इससे गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और मध्यम वर्ग के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना मुश्किल हो रहा है।
छात्र संघ चुनाव और जौहर यूनिवर्सिटी मामले पर उठाई आवाज
विनीत कुशवाहा ने कहा कि विश्वविद्यालयों में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने से लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की।
उन्होंने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ के 30 दलित छात्रों के निष्कासन को वापस लेने और लगाए गए आर्थिक जुर्माने को खत्म करने की मांग की। साथ ही रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन में डॉ. संतोष वर्मा, सिराज हुसैन, रितेश पटेल समेत बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
Also Read: PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में नोएडा पुलिस ने युवती पर दर्ज की FIR

